पर्यटन मंत्री को पत्र भेज की देवबन खडम्बा मार्ग के निर्माण की मांग

विकासनगर

चकराता त्यूणी मार्ग से देवबन खडम्बा मार्ग कच्चा होने से क्षेत्रवासियों के साथ पर्यटकों को भी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। स्थानीय लोगों ने मामले में पर्यटन मंत्री के नाम पत्र प्रेषित कर मार्ग का निर्माण कराने की मांग की है। प्रेषित पत्र के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने बताया कि चकराता त्यूणी मार्ग स्थित जंगलात चौकी के समीप से देवबन खडम्बा मोटर मार्ग है। जिसकी देखभाल का जिम्मा वन निगम का है। लेकिन, आजादी के सात दशक बाद भी यह मार्ग कच्चा है। बताया कि देवबन और खडम्बा से जहां प्रतिवर्ष वन निगम के करोड़ों के प्रकाष्ठ का ढुलान होता है। वहीं देवबन और उसके पास स्थित व्यास शिखर, मुंडाली आदि स्थान यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र हैं। वर्तमान में यह मार्ग कच्चा होने के साथ ही अत्यंत संकरा और जर्जर हालत में है। जिससे मार्ग पर चलने वाले गाड़ी चालकों को अपनी जान हथेली पर रखकर यात्रा करनी पड़ रही है। बताया कि इस मार्ग के पक्का होने को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से लेकर क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों से मांग की जा चुकी है। लेकिन, कोई मार्ग को पक्का करने पर ध्यान नहीं दे रहा है। बताया कि यदि, यह मार्ग पक्का हो जाए, तो क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में वृद्धि के साथ क्षेत्रवासियों को भी लाभ मिलेगा। पर्यटन में इजाफा होने से पर्यटन व्यवसाइयों को भी लाभ पहुंचेगा। उन्होंने पर्यटन मंत्री से जल्द मांग पर संज्ञान लेते हुए मार्ग को वन विभाग से लोनिवि को स्थानांतरित करते हुए पक्का कराने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में शेर सिंह, अमर बहादुर, भवानी सिंह, आशीष, सरदार सिंह, अजय सिंह, पंकज सिंह, बलबीर, रण सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *