जौनसार बावर के लोगों का वोटर लिस्ट से नाम कटवाना दुर्भाग्यपूर्ण : अनंतराम चौहान
विकासनगर
पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात के जिलाधिकारी को लिखे पत्र में जौनसार बावर के लोगों के विकासनगर विधानसभा की वोटर लिस्ट नाम कटवाने को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व आईजी अनंतराम चौहान ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। कहा कि यह जौनसार के लोगों के मौलिक अधिकारों का हनन है। आप नेता व पूर्व आईजी अनंतराम चौहान ने कहा कि त्यूणी, चकराता, कालसी क्षेत्र के लोग पचास साल से भी अधिक समय विकासनगर में रह रहे हैं। कहा कि जब पूर्व मंत्री के पिता ब्रह्मदत्त जी चुनाव लड़ते थे तब सहसपुर तक का क्षेत्र इस विधानसभा में आता था। तब चकराता के लोगों के वोटों पर किसी ने आपत्ति नहीं दर्ज कराई। कहा कि पूर्व मंत्री नवप्रभात अब जौनसार बावर के लोगों व विकासनगर के व्यापारियों के बीच दीवार खड़ा करना चाहते हैं। कहा कि देश के संविधान में किसी को भी किसी हिस्से में निवासी करने व मतदान करने की आजादी है। कहा कि आजादी के समय भारत आये लोगों को नागरिकता मिली है। गढ़वाल, हिमाचल से भी बड़ी संख्या में लोग विकासनगर आये हैं उनको भी वोट देने का अधिकार है। ऐसे में जौनसार के लोगों की उपेक्षा क्यों की जा रही है। उधर, कांग्रेस नेता नवप्रभात ने कहा कि उन्होंने किसी क्षेत्र विशेष के व्यक्तियों का विरोध नहीं किया। कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकार का प्रयोग एक जगह कर सकता है। हमारा विरोध कुछ हजार उन लोगों से है जो एक से अधिक स्थानों पर दोहरा लाभ उठा रहे हैं। दो जगह अपना नाम वोटर लिस्ट में राशन कार्ड में लिखकर लाभ ले रहे हैं।
