एक भी सांसद विपक्ष का होता तो अंकिता भंडारी प्रकरण राष्ट्रीय मुद्दा बनता: नेगी


श्रीनगर गढ़वाल। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के पांच सांसदों में अगर एक भी सांसद विपक्ष का होता तो अंकिता भंडारी प्रकरण राष्ट्रीय मुद्दा बना होता। उन्होंने कहा कि इसके अभाव में आज हमारी आवाज संसद में मूक बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जो संलिप्त हैं वह भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिजनों को कांग्रेस के लोगों ने मंगलवार को 1 लाख 11 हजार रूपए की धनराशि भेंट की है। जिससे वह अपनी कानूनी लड़ाई को मजबूती से लड़ सकें। अंकिता भंडारी के गांव से यहां लौटे विधायक नेगी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रचंड बहुमत की सरकार में विकास के निशान धरातल पर नहीं हैं। झूठ का प्रपंच कर जनता को फंसाने के लिए नए-नए जाल बिछाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भर्ती मजाक बन कर रह गई है। नौकरियों में घोटाला होना बड़ा दुर्भाग्य है। उन्होंने भर्ती घोटाले व अंकिता मामले में सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई जब सरकार के नियंत्रण में नहीं है तो उन्हें सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। आउटसोर्स के नाम पर ठेकेदार पैदा कर भाजपा राज्य के लोगों को छलने का काम सरकार कर रही है। इस मौके पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल, प्रदीप तिवाड़ी, महेश जोशी, टीटू त्यागी, बुद्धि सेमवाल, देवेंद्र सिंह, ललित बदरी, राहुल खरोला, अनमोल भंडारी, अमन पंवार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *