व्यापारी बोले-जलभराव का स्थाई समाधान कराएं
हरिद्वार। चंद्राचार्य चौक पर बीते दिनों जलभराव के बाद सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने शनिवार को जायजा लिया। उन्होंने व्यापारियों से हुए नुकसान के बारे में जाना। इधर व्यापारियों ने सांसद निशंक से बात करते हुए स्थाई समाधान दिलाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि साहब हमें इस जलभराव से स्थाई समाधान दिला दो, उधर सांसद ने अगले चार दिनों में बैठक कर हल निकालने का आश्वासन दिया।
बीते मंगलवार को बारिश के बाद चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक पर जलभराव हुआ था। जिसमें क्षेत्र के व्यापारियों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। शनिवार शाम को निशंक ने क्षेत्र में पहुंचकर व्यापारियों से बातचीत की। इस दौरान व्यापारियों ने मांग करते हुए कहा कि कई क्षेत्र के जलभराव के समाधान को लेकर योजनाएं बनीं लेकिन अभी तक हल नहीं हो सका है। व्यापारियों ने कहा कि जब भी इसको लेकर योजना बनाई जाए तो इसमें स्थानीय व्यापारी को शामिल किया जाए, जिस पर सांसद ने आश्वासन दिया है कि दो व्यापारियों को इसमें शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसको लेकर बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय व्यापारियों के सुझाव भी लिए जाएंगे। इस दौरान व्यापारी नेता मृदुल कौशिक, सतनाम भाटिया, सुनील गुलाटी, अनूप सिद्दू, दीपक अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, हिमांशु सैनी, साहिल, हैदर नकबी और अन्य व्यापारी शामिल रहे।
