महंगाई भत्ता पूर्व की भांति बहाल करने की मांग
विकासनगर
पिछले साल जनवरी माह से फ्रीज किए गए महंगाई भत्ते (डीए) को पूर्व की भांति बहाल करने की मांग शिक्षकों ने की है। रविवार को पछुवादून के सभी शिक्षक संघों की वर्चुअल बैठक में इस आशय की मांग प्रदेश सरकार से की। शिक्षकों ने जल्द ही इस संबंध में प्रदेश नेतृत्व के साथ मिलकर मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से वार्ता करने का निर्णय लिया। राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष तेजवीर मलिक ने कहा कि डीए फ्रीज होने से शिक्षकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। बताया कि सालभर में सरकार की ओर से दो बार डीए दिए जाने की व्यवस्था थी, लेकिन पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण आई आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए सरकार ने इसे फ्रीज कर दिया था। तब यह बताया गया था कि जल्द ही डीए बहाल कर दिया जाएगा। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश नौटियाल ने कहा कि कुछ प्रदेशों ने फ्रीज डीए बहाल होने के साथ ही पिछले साल का एरियर दिए जाने की घोषणा भी प्रदेश सरकारें कर चुकी हैं। लेकिन उत्तराखंड में अभी तक डीए को बहाल नहीं किया गया है, जिससे शिक्षकों में नाराजगी है। जूहा शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष अनंत सोलंकी ने कहा कि डीए फ्रीज होने से पेंशन भोगी बुजुर्गों को भी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ पेंशन भोगी बुजुर्ग ऐसे भी हैं, जिन पर अभी भी परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष गंभीर कश्यप ने कहा कि कोरोना काल में प्रत्येक शिक्षक ने प्रदेश सरकार की आर्थिक सहायता की है। ऐसे में सरकार को भी अब शिक्षकों की परेशानियों को देखते हुए फ्रीज डीए को जल्द जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही प्रदेश नेतृत्व के साथ सीएम और शिक्षा मंत्री से वार्ता की जाएगी। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक कोषाध्यक्ष मधु पटवाल, कुशलमणि, सुधीर कांति, बलविंदर कौर, अर्चना रानी, सुनदास, राम नारायण रतूड़ी आदि मौजूद रहे।
