जुड्डो में एनएच पर 2घण्टे धरना देकर चक्का जाम किया
विकासनगर
लखवाड़-व्यासी बांध परियोजना स्थल जुड्डो में निर्माण कार्य बंद कराकर धरने पर बैठे ग्रामीणों ने सोमवार को दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो घंटे धरना देकर चक्का जाम करते हुए अपना विरोध जताया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले सत्रह दिनों से धूप, बारिश में परिवार के साथ धरना देने के बावजूद जल विद्युत निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार उनकी उपेक्षा कर रही है। कहा कि जल्द ही हथियारी में भी बांध निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा। ग्रामीणों ने सुबह दस बजे से दोपहर बारह बजे तक जुड्डो में एनएच पर धरना देकर चक्का जाम किया। ग्रामीणों ने बताया कि परियोजना के लिए अधिग्रहीत की गई जमीन के बदले जमीन मुहैया कराए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर बांध प्रभावित गांवों के पुरुष पिछले सत्रह दिनों से महिलाओं और बच्चों के साथ निर्माण स्थल पर धरना दे रहे हैं। लेकिन प्रदेश उत्तराखंड जल विद्युत निगम और प्रदेश सरकार उनकी कोई सुध नहीं ले रही है। लिहाजा सोमवार को सांकेतिक तौर पर एनएच पर चक्का जाम किया गया। अब जल्द ही हथियारी में भी बांध निर्माण कार्य बंद करा दिया जाएगा। धरना दे रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना का कार्य जल्द ही पूरा होने वाला है, लेकिन उनकी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। परियोजना कार्य पूर्ण होने के बाद लोहारी गांव जलमग्न हो जाएगा। बावजूद इसके अभी तक ग्रामीणों को विस्थापित नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के बदले जमीन नहीं मिलने से उनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। बताया कि जल विद्युत निगम की ओर से प्रभावित परिवारों के एक सदस्य को रोजगार मुहैया कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक रोजगार भी मुहैया नहीं कराया गया है। एनएच पर धरना देने वालों में नरेश चौहान, दिनेश तोमर, सूरज पाल सिंह, दिनेश चौहान, शूरवीर सिंह, पूरण वर्मा, कल्लू वर्मा, सरिता चौहान, स्वीटी रावत आदि शामिल रहे।
