एक सप्ताह में भुगतान करने के निर्देश
हरिद्वार। नगर निगम के कर्मचारी महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान न होने से परेशान है। परेशान कर्मचारियों ने मेयर अनिता शर्मा से मुलाकात करतु हुए भुगतान कराने की गुहार लगाई है। मेयर ने नगर आयुक्त और वरिष्ठ वित्त अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर एरियर का भुगतान करने के निर्देश दिए है। गुरुवार को कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि सुरेन्द्र तेश्वर, राजेंद्र श्रमिक, आत्माराम बेनीवाल, आनंद कालरा आदि ने मेयर कार्यालय पहुंच कर उनसे मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने मेयर को बताया कि देयकों के भुगतान के लिए उन्हें धरना-प्रदर्शन करना पड़ता है। इस दौरान मेयर ने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष में निगम कर्मचारियों ने लक्ष्य के सापेक्ष सम्पत्तिकर की वसूली की है। इसके अतिरिक्त सफाई कर्मियों ने सराहनीय कार्य किया है। ऐसी स्थिति में भी निगम कर्मियों के देयकों का भुगतान समय से न होने से उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
