नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
चमोली। चमोली जिले के एक कस्बे में 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने 12 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को एक व्यक्ति ने थाने में आकर सूचना दी कि उसकी नाबालिग बहन के साथ अर्जुन उर्फ मन बहादुर बम पुत्र चैत बहादुर बम, निवासी-ग्राम सुनवाड़ा ग्राम पालिका पलाता, जिला-कालीकोट करणाली आंचल नेपाल ने शुक्रवार की रात्रि को जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया है। इस सूचना के आधार पर थाना नंदानगर में भादस व पोक्सो अधिनियम के आधार पर बनाम अर्जुन उर्फ मन बहादुर बम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामला महिला संबंधी व गंभीर प्रवृत्ति का होने के कारण पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चमोली प्रमोद शाह के पर्यवेक्षण में अभियुक्त की गिरफ्तारी को टीम गठित की। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर मात्र 12 घंटे के भीतर ही कर ली। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
