एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए 1.97 हेक्टेयर भूमि का होगा अधिग्रहण


ऋषिकेश। जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण एवं वैकल्पिक मार्ग के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर लोक सुनवाई हुई। जिसमें डोईवाला एसडीएम ने लोगों को अधिग्रहण की जा रही भूमि से संबंधित जानकारी दी। शुक्रवार को डोईवाला एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने राजकीय जूनियर हाई स्कूल कोठारी मोहल्ला जौलीग्रांट में लोक सुनवाई का आयोजन किया। जिसमें जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण एवं वैकल्पिक मार्ग के निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण के प्रकरण पर लोगों से उनकी समस्या सुनी गई। लोक सुनवाई में प्रभावित क्षेत्र जौलीग्रांट तथा अठुरवाला के ग्रामीण पहुंचे। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भूमि अधिग्रहण प्रस्ताव के अनुसार कुल 1.97 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। जिसमें 6 वाणिज्यिक, 8 गैर वाणिज्यिक भवन के साथ ही 222 गैर फलदार, 4 बांस तथा 115 फलदार वृक्षों का भी अधिग्रहण किया जा रहा है। वर्तमान मे उपयोग किए जा रहे 10 फीट चौड़े मार्ग का अधिग्रहण आंशिक रूप से किया जा रहा है, जिसकी सापेक्ष 5 मीटर चौड़ा मार्ग प्रस्तावित करते हुए भूमि अधिग्रहित की जा रही है। शिविर में ग्राम अठूरवाला के सुंदर सिंह द्वारा अधिग्रहण सूची में सम्मिलित न होने की जानकारी दी गई, जिस संबंध में स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन उपरांत कार्यवाही की जाएगी। शिविर में सुनवाई समिति के सदस्य डॉ. विजय सिंह रावत, राजेंद्र सिंह रावत नायब तहसीलदार डोईवाला, राजस्व निरीक्षक जौलीग्रांट एवं अठूरवाला प्रदीप सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका डोईवाला उत्तम सिंह नेगी, सभासद राजेश भट्ट, नायब तहसीलदार मोहन लाल आर्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *