बदरी-केदार के जयकारों से गूंजी ऋषिनगरी


ऋषिकेश। ऋषिकेश पहुंचे यात्रियों में चारधाम यात्रा को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिला। बस में सवार होते ही पूरा परिसर बदरी-केदार के जयकारों से गूंजता रहा। यात्रियों की सुविधा को संयुक्त यात्रा अड्डा में व्यवस्थाएं जुटाई गई थी। लेकिन शुक्रवार सुबह तेज आंधी के चलते टैंट उखड़ने से दिक्कत आई। यात्रियों को यात्रा शुभारंभ होने पर धूप में बैठना पड़ा। जिससे कई यात्री चक्कर खाकर गिर पड़े। पंजीकरण केंद्र में बने सभी एक दर्जन काउंटरों पर शुक्रवार को सुबह से ही पंजीकरण कराने के लिए लाइन लगी। दूसरे दिन करीब एक हजार यात्रियों ने शाम 5 बजे तक पंजीकरण करवाया। शनिवार के लिए 52 बसों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। करीब दो हजार से अधिक यात्री शनिवार को दिनभर चारधाम के लिए रवाना होंगे। शुक्रवार को यात्रियों को गढ़ सेवा संस्थान ने फल एवं पेय पदार्थ वितरित किए। लेकिन टैंट उखड़ने से उन्हें दिक्कत आई। जिस पर अपर आयुक्त गढ़वाल नरेन्द्र सिंह स्थानीय स्तर पर व्यवस्था बनाते दिखे। उन्होंने शनिवार को परिसर में टैंट लगाने के निर्देश दिए हैं। ताकि धूप के चलते यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े। नये यात्रा अडडा निर्माण कार्य अधूरा होने के चलते फिलहाल पुराने अड्डा से ही यात्रा संचालित हो रही है।
गढ़वाल अपर आयुक्त के मुताबिक दो सप्ताह के अंदर नए अड्डा के सभी काम पूरे हो जाएंगे। यहां यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं जुटाई गई है। चारधाम यात्रा को राजस्थान से आए सूमेरू का कहना है कि वह पहली बार चारधाम यात्रा को आए हैं। देवभूमि में आकर लोगों का उन्हें जो प्यार मिला है, वह उसे कभी नहीं भूलेंगे। उनके साथ आई दुलारी देवी भी चारधाम यात्रा को लेकर गदगद हैं। कहती हैं कि वह बीते पांच साल से यात्रा आने का मन बना रही थी। लेकिन भगवान ने अब उनकी सुनी है। मध्यप्रदेश से आए परवेन्द्र कुमार भी यात्रा पर जाने से खुश नजर आए। पैर में दिक्कत होने के बावजूद उनकी आस्था कम नहीं हुई है। वह कहते हैं कि भगवान के बुलावे पर ही वह यात्रा को आए हैं। आयुक्त गढ़वाल नरेन्द्र सिंह कहते हैं कि यात्रियों की सुविधा को टैंट की व्यवस्था कर दी गई है। बिजली,पानी समेत सभी सुविधाएं जुटाई गई है। जल्द नये यात्रा अड्डा से कार्य आरंभ हो जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *