काजल की लकड़ी से भरा लोडर पकड़ा, चालक गिरफ्तार
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत डाकपत्थर चौकी पुलिस ने प्रतिबंधित काजल की लकड़ी से भरा एक लोडर पकड़ा। लोडर में काजल (केशू ) की लकड़ी के 102 नग बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लकड़ी से भरे लोडर को सीज कर दिया है। पकड़ी गई प्रतिबंधित लकड़ी की बाजार कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। रविवार देर रात को डाकपत्थर पुलिस को प्रतिबंधित लकड़ी तस्करी की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने बाडवाला जुड्डो रोड पर डेरा डाल दिया। मध्य रात्रि के करीब जुड्डो की ओर से आ रहे एक लोडर को पुलिस ने नौरों पुल के पास घेरकर पकड़ लिया। लोडर की तलाशी लेने पर लोडर में प्रतिबंधित प्रजाति काजल के एक सौ दो नग बरामद हुए। पुलिस ने लकड़ी और लोडर को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी चालक सत्येंद्र राणा पुत्र भगवान सिंह राणा निवासी वसंतनगर पोस्ट मोलटाडी थाना पुरोला जिला उत्तरकाशी को गिरफ्तार किया है। कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी सहित लोडर को सीज कर दिया है। आरोपी चालक के खिलाफ वन अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस की टीम में चौकी इंचार्ज अर्जुन सिंह गुसाईं, कांस्टेबल तेजपाल, मनवीर भंडारी व वन दरोगा देवेंद्र्र कुमार मिश्रा शामिल रहे।
