तीर्थंकर भगवान महावीर के जयकारों से गूंज उठा मंदिर परिसर
विकासनगर। चकराता में जैन समाज के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। जैन समाज के लोगों ने भगवान महावीर का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। समाज के लोगों ने मन्दिर में प्रभु का अभिषेक कर मिष्ठान वितरित किया। सोमवार को तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती के उपलक्ष्य में तड़के छह बजे जैन समाज के लोग चौक बाजार स्थित प्राचीन दिगम्बर जैन मंदिर में एकत्रित हुए। जिसके बाद प्राकृतिक स्रोत से जल लाकर महावीर स्वामी का अभिषेक किया। जलाभिषेक के दौरान पूरा माहौल तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से गुंजयमान रहा। समाज के प्रधान संजय जैन ने कहा कि सभी को महावीर स्वामी के बताए मार्ग पर चल सत्य, अहिंसा का मार्ग अपनाना चाहिए। कहा कि महावीर स्वामी ने समाज को अहिंसा परमोधर्म का संदेश दिया है। इस अवसर पर मंत्री अजय जैन, पंकज जैन, अरविंद जैन, सुनील जैन, आशीष जैन, ऋषभ जैन, नवीन जैन, निकित जैन, रोहित जैन आदि मौजूद रहे।
