शहर को बंदरों के आतंक से निजात दिलाएं: मेयर
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में बंदरों के आतंक के चलते शहर के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शहर की किसी भी गली या कॉलोनी पर बंदरों को एक इमारत से दूसरी इमारत तक छलांग लगाते हुए देखा जा सकता है। बंदर घरों में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। भगाने पर काटने के लिए दौड़ते हैं। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में मेयर अनिता ममगाईं ने निगम अधिकारियों की मौजूदगी में ऋषिकेश वन रेंज के क्षेत्राधिकारी रविंद्र बेलवाल के साथ बैठक की। शहर के विभिन्न इलाकों के लोगों की शिकायतों का संज्ञान लेकर मेयर ने शहर को बंदरों के आतंक से निजात दिलाने का मामला उठाया। कहा कि गर्मी के मौसम में बंदरों की आमद रिहायशी क्षेत्रों में ना हो, इसके लिए जंगल के अंदर ही छोटे-छोटे कुंड बनाकर पानी की व्यवस्था की जाए। कहा कि काटने वाले बंदरों के बढ़ते आतंक से शहर के तमाम क्षेत्रों में लोग परेशान हैं। कई क्षेत्रों में तो घरों की छतों पर जाने से भी महिलाओं एवं बच्चों को डर लगने लगा है। ऐसे में वन विभाग द्वारा उठाए कदमों से लोगों को राहत मिलेगी। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल, वन दरोगा रामपाल पाठक आदि मौजूद रहे।
