कालसी में खेल मैदान बनाने की मांग उठाई
विकासनगर
कालसी ब्लॉक मुख्यालय के आसपास खेल मैदान नहीं होने के कारण शिक्षा विभाग को ब्लॉकस्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता कराने के लिए बच्चों की विकासनगर की दौड़ लगवानी पड़ती है। दूर-दराज के विद्यालयों के छात्रों को विकासनगर पहुंचना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों ने खेल मंत्री से कालसी ब्लॉक में खेल मैदान बनवाने की मांग की है। स्थानीय निवासी चतर सिंह, दिनेश तोमर, दीपक तोमर, विशाल मेहरा, कृष्ण पाल सिंह, विजय कुमार, आनंद सिंह आदि का कहना है कि कालसी गेट पर रामलीला मैदान है। इसे खेल मैदान के तौर पर विकसित किया जा सकता है। खेल मैदान नहीं होने के कारण कालसी ब्लॉक में होने वाले कार्यक्रमों को विकास नगर ब्लॉक के डाकपत्थर बैराज मैदान में संपन्न कराना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी विद्यालयी क्रीड़ा प्रतियोगिताओं को कराने में आती है। 50 किमी से अधिक दूरी का सफर तय कर डाकपत्थर बैराज मैदान पहुंचने वाले छात्र-छात्राएं शारीरिक तौर पर थक जाते हैं। खेल मैदान नहीं होने के कारण स्थानीय युवक खेलों से संबंधित तैयारी भी नहीं कर पाते हैं। इससे उनकी प्रतिभा भी निखर नहीं पाती है। उधर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चमन सिंह ने बताया कि खेल मैदान निर्माण के लिए प्रस्ताव उचित माध्यम से सरकार को भेजा जाएगा।
