अवैध भंडारण की शिकायत पर तहसीलदार ने मारा छापा
रुद्रपुर। उकरौली खनन क्षेत्र में अवैध भंडारण की शिकायत पर तहसीलदार ने छापेमार कार्रवाई की, पर अवैध भंडारण नहीं मिला। तहसीलदार ने निजी खनन पट्टों का भी निरीक्षण किया। शुक्रवार को तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी राजस्व कर्मियों के साथ उकरौली गांव पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि गांव के खनन क्षेत्र में तीन जगहों पर अवैध भंडारण की शिकायत मिली। इस पर उन्होंने बताए स्थानों पर छापा मारा, लेकिन एक भी जगह अवैध भंडारण नहीं मिला। निजी पट्टों पर हो रहे खनन का मुआयना कर पट्टाधारकों को किसी भी तरह से अवैध खनन न करने और वाहनों में ओवरलोड उपखनिज न भरने के निर्देश दिए। उन्होंने रास्ते में खनन सामग्री से भरे वाहन भी चेक किए। इस दौरान राजस्व टीम के वाहन को देख एक वाहन स्वामी वाहन को छोड़कर फरार हो गया। बताया कि वाहन लॉक होने की वजह से उसे वहीं छोड़ना पड़ा।
