कांग्रेस ने लगाया भाजपा अध्यक्ष पर राज्य का माहौल बिगाड़ने का आरोप

देहरादून। कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर राज्य का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसोनी ने बयान को जहर घोलने वाला बताया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष का बयान है कि जोशीमठ में माओवादी सक्रिय हैं। यदि सामरिक दृष्टि से राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर बहुत ही महत्वपूर्ण जोशीमठ में माओवादी ताकतें सक्रिय हैं और भाजपा अध्यक्ष के पास इसके पुख्ता सबूत हैं, तो ये राज्य सरकार की ही विफलता है। क्यों अभी तक राज्य सरकार ने इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की। इससे साफ है कि राज्य सरकार को इनपुट देने वाली तमाम खुफिया एजेंसियां बेकार साबित हुईं हैं। भाजपा अध्यक्ष ने अपनी ही सरकार पर बहुत सारे प्रश्न खड़े कर दिए हैं। कहा कि भाजपा अध्यक्ष ने अपने बयान से कुछ ही दिनों में होने वाली चार धाम यात्रा को भी बहुत बड़ा नुकसान पहुंचाया है। असुरक्षित उत्तराखंड का संदेश देश और दुनिया में देने का काम किया है। कहा कि आज जोशीमठ का जो हाल है, उसमें बहुत बड़ा हाथ तत्कालीन स्थानीय विधायक होने के नाते महेंद्र भट्ट का भी है। रैणी आपदा के बाद से ही जोशीमठ के स्थानीय लोग लगातार घर में दरारें आने की बात कह रहे थे। उसके बाद भी समय रहते जोशीमठ के लिए कुछ नहीं किया गया। अब उत्तराखंड को शर्मसार करने वाला बयान देकर अपनी ही सरकार पर सवाल उठा दिया है। कहा कि जो लोग जोशीमठ की सड़कों पर उतर कर आंदोलन कर रहे हैं, वह कोई खुशी से ऐसा नहीं कर रहे हैं। बल्कि राहत कार्यों से असंतुष्ट होकर विरोध जता रहे हैं। कहा कि भाजपा अध्यक्ष को वामपंथ और माओवादियों में फर्क समझ में नहीं आता। हर वामपंथी देशद्रोही नहीं होता, यह बात संघी मानसिकता के लोगों को समझ में नहीं आती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *