एक क्लिक में मिलेगी अन्त्योदय से जुड़ी जानकारी: डीएम

पौड़ी। योजना रंग लाई तो आने वाले दिनों में पौड़ी जिले के सभी अन्त्योदय कार्ड धारकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एक क्लिक में ही उपलब्ध हो सकेंगी। डीएम पौड़ी डा. आशीष चौहान ने बताया कि एक ऐसा ऐप विकसित किया जा रहा है, जिसमें गरीब से लेकर अति गरीब को सरकार की ओर से दी जाने वाली योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। जिलाधिकारी ने इसके लिए नेशनल इनफॉमेशन सेंटर (एनआईसी) को ऐसा ऐप विकसित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डीएम ने खाद्यान्न व समाज कल्याण समेत संबंधित रेखीय विभागों को इस संबंध में अपडेट डेटा एनआईसी को तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। डीएम ने बताया कि जनपद में करीब 12640 अन्त्योदय कार्ड धारक हैं। कहा कि ऐसे जरूरतमंद लोगों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नहीं पहुंच पा रही है। जिसके चलते ऐसे लोगों को योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहा कि जल्द ही एक ऐप के माध्यम से ऐसे लोगों को सभी योजनाओं की जानकारी एक क्लिक के माध्यम से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही ऐप में योजनाओं के लिए आवेदन करने समेत सभी जानकारियां मौजूद रहेंगी। इस संबंध में डीएम ने मंगलवार को बैठक में एनआईसी, खाद्यान्न, बाल विकास व समाज कल्याण समेत संबंधित रेखीय विभागों को 15 दिनों के भीतर ऐप डिजाइन कर उसमें अन्त्योदय से जुड़ी सभी जानकारियां अपडेट करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *