भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गिरफ्तार करने की मांग

उत्तरकाशी

मोरी के सालरा गांव में दलित युवक के मंदिर प्रवेश को लेकर दिए उन्मादी बयान पर भीम आर्मी के खिलाफ क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भड़काऊ बयान के खिलाफ राजपूत करणी सेना के पदाधिकारियों के नेतृत्व में क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मोरी बाजार में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद मोरी थाना पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और पुलिस से भड़काऊ बयान देने वाले भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को गिरफ्तार करने की मांग रखी। सोमवार को राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर शक्ति सिंह देहरादून, डामटा, नौगांव होते हुए पुरोला और मोरी पहुंचे। जहां लोग उनके साथ जुड़ते गए और फिर जुलूस की शक्ल में मोरी बाजार में धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय लोगों ने मोरी थाना पहुंचकर पुलिस से भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद शीघ्र उनको गिरफ्तार करने की मांग रखी। मोरी थाने में गुस्साए जनप्रतिनिधियों ने बाहरी लोगों के इस तरह धार्मिक भावनाओं को भड़काने संबंधी बयान का पुरजोर विरोध किया है। वक्ताओं ने कहा कि कुछ लोग बाहर से आकर हमारे ग्रामीण शांत क्षेत्र में आपसी भाई चारे, सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। शांत क्षेत्र में सामाजिक परम्पराओं और आपसी भाईचारे में अशांति फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में मनमोहन सिंह, राजेंद्र रावत, विजयपाल सिंह, गुड्डू, भूपेंद्र सिंह, विपिन चौहान, राजपाल पंवार, अरविंद पंवार, सत्यपाल रावत, अंकित रावत, अंकित पंवार, गोविंद सिंह, प्रशांत नेगी, दीपेंद्र सिंह, प्रकाश चौहान, पूनम, सुबोधनी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *