आश्वासन के बाद काम पर लौटे एनएचएम के संविदा कर्मी
रुडक़ी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्य करने वाले संविदा स्वास्थ्य कर्मी मंगलवार से अपने काम पर लौट आए। लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने मंगलवार को भी अपनी नौ सूत्रीय मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया। रुडक़ी सिविल अस्पताल में तैनात एनएचएम कर्मचारियों ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन 28 मई से चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया था। एनएचएम के अर्न्तगत काम करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों ने पहले चरण में आधा दिन काली पट्टी बांधकर काम किया। जबकि दूसरे चरण में एनएचएम कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था, लेकिन एनएचएम कर्मियों एवं अधिकारियों की वार्ता के बाद धरने को स्थगित कर दिया गया है। एनएचएम कर्मचारियों के संघटन की ब्लॉक अध्यक्ष रोशनी नौटियाल ने बताया कि अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरने को स्थगित कर काम पर लौट आए हैं। लेकिन मांग पूरी होने तक काली पट्टी बांधकर ही काम करेंगे। रुडक़ी सिविल अस्पताल के एनएचएम कर्मियों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर काम की शुरुवात की। काली पट्टी बांधकर काम करने वालों में रोशनी नौटियाल, मुन्नी, प्रदीप जोशी, आशीष जोशी, संजय चौहान, यशवंत, अंकित सैनी, विश्व दीपक, अंकुर, कुलवीर कैंथुरा मौजूद रहे।
