प्लाट दिलाने के नाम पर एनआरआई से लाखों की ठगी

रुडक़ी। प्लाट दिलाने का झांसा देकर एनआरआई से 9.50 लाख की ठगी कर ली। रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिविल लाइंस कोतवाली को डिवाइन अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 305 जादूगर रोड निवासी सपना चौहान ने तहरीर देकर बताया कि पति नितिन चौहान करीब 12 साल से दुबई में रह रहे हैं। पति 2018 में रुडक़ी आए थे। इस बीच गणेशपुर निवासी मेनपाल पंवार से परिचय हुआ था। मेनपाल ने पति को सुनहरा रोड पर प्लॉट दिखाया था। प्लॉट पसंद आने पर पति ने 11 लाख रुपए एडवांस में दिए थे। तय हुआ था कि कुछ समय बाद प्लाट का एग्रीमेंट करा दिया जाएगा। आरोप है कि करीब चार महीने तक प्लॉट का एग्रीमेंट नहीं किया। दबाव बनाने पर फर्जी स्टांप तैयार कर 10 लाख रुपए उधार लिए जाना दिखाया गया। लाखों रुपए का चेक भी दिया गया था। लेकिन वह बाउंस हो गए। आरोपी ने अब रकम वापस करने से साफ इनकार कर दिया है। विरोध करने पर गोली मरवाने की धमकी दी जा रही है। पीडि़त ने आरोपी से जान माल का खतरा बताया है। उप निरीक्षक बारू सिंह चौहान ने बताया कि प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में गणेशपुर निवासी मेनपाल पंवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *