केंट बोर्ड अध्यक्ष ने किया पर्यावरण पार्क का निरीक्षण
विकासनगर। छावनी परिषद चकराता के अध्यक्ष ने सोमवार को छावनी परिषद के एमईएस लाइन के समीप स्थित पर्यावरण पार्क (ट्रेंचिंग ग्राउंड) का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य कर रही संस्था फीडबैक फाउंडेशन और छावनी परिषद चकराता द्वारा पिछले दो माह में कूड़ा निस्तारण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। छावनी परिषद चकराता में स्वंयसेवी संस्था फीडबैक फाउंडेशन और कैंट बोर्ड मिलकर कूड़ा निस्तारण का कार्य कर रहे हैं। इसके लिए गोदरेज इंडिया ने भी परिषद को तीन वर्ष के लिए वित्तीय सहयोग किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत चकराता से इकट्ठा होने वाले कूड़े का मौके पर ही निस्तारण कर क्षेत्र को कूड़ा मुक्त बनाये जाने की योजना है। सोमवार सुबह बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर एलेन देब साहा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पर्यावरण पार्क का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने वहां चल रहे कूड़ा निस्तारण के कार्यों को बारीकी से देख संस्था को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यहां तक बिजली की लाइन भी पहुंच गई है और जरूरी मशीनरी भी जल्द उपलब्ध हो जाएगी, जिससे कूड़ा निस्तारण का कार्य आसान और व्यवस्थित तरीके से होगा। बोर्ड अध्यक्ष ने अभी तक हुए कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा चकराता को सुंदर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। कहा कि चकराता को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए जनता का भी सहयोग चाहिए। मौके पर उपस्थित संस्था के कर्मचारियों ने अध्यक्ष के सामने प्रोजेक्ट रिपोर्ट और अभी तक हुए कार्य की जानकारी भी उन्हें दी। इस दौरान मुख्य अधिशासी अधिकारी कैंट बोर्ड आरएन मंडल, कैंट सदस्य अनिल चांदना, प्रभारी सेनेट्री इंस्पेक्टर शेखर धीमान, अवर अभियंता दीपक आदि मौजूद रहे।
