ऋषिकेश में अग्रवाल सभा के चुनाव कराए जाएं
ऋषिकेश। अग्रवाल सभा ऋषिकेश का चुनाव कराने की गुहार निबंधक सोसायटीज एवं चिट्स देहरादून से लगाई गई है। बीते 12 साल से सभा का चुनाव नहीं होने की शिकायत भी निबंधक से की गई है। सभा के पूर्व अध्यक्षों ने निबंधक को पत्र भेजा है। अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष संजीव कुमार गोयल एवं राजकुमार अग्रवाल ने निबंधक को भेजे पत्र में बताया कि बीते 12 साल से सभा के चुनाव नहीं कराए गए हैं। आय-व्यय का ब्योरा भी नहीं दिया जा रहा है। जिससे सभा के सदस्य एवं पदाधिकारी नाराज है। अवगत कराया कि प्रतिवर्ष अप्रैल माह में कार्यकारिणी सदस्य एवं पदाधिकारियों का चुनाव होता है। प्रतिवर्ष चुनाव न होना पारदर्शी कार्यप्रणाली का हनन है। पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि आजीवन सदस्यों की कोई मीटिंग भी नहीं बुलाई जा रही है। जिससे सभा से जुड़े सदस्यों में नाराजगी है। उन्होंने निबंधक से सभा के चुनाव करने की गुहार लगाई है। सभा के अध्यक्ष अजय गुप्ता का कहना है कि चुनाव न कराने का आरोप निराधार है। प्रत्येक दो साल में चुनाव हो रहे है। चुनाव न होने को लेकर नाराजगी जताने वालों को अपनी बात मीटिंग में रखनी चाहिए।
