यमुना नदी में रिवर्ट टर्निंग का पट्टा देने का विरोध
उत्तरकाशी। यमुना नदी के तट पर तिलाड़ी शहीद स्थल के निकट प्रशासन द्वारा जारी की गई खनन की विज्ञप्ति का बड़कोट नगरवासियों द्वारा विरोध शुरू कर दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सहित नगरवासियों ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को ज्ञापन भेज कर तिलाड़ी में खनन का विरोध किया है तथा यहां खनन को लेकर रिवर्ट टर्निंग का पट्टा देने की अनुमति देने को लेकर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
बड़कोट नगरवासियों ने जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में कहा है कि तहसील बड़कोट द्वारा खनन माफिया को लाभ पहुंचाने की दृष्टि से यमुना नदी में 6 माह के रिवर टर्निंग का पट्टा दिया जा रहा हैं, जिससे नगर वासियों की कृषि योग्य भूमि प्रभावित हो सकती हैं। कहा है कि विगत वर्षों में भीषण आपदा से भी यमुना नदी में आई बाढ़ से नगर वासियों की काश्तकारी भूमि बाढ़ से तहस-नहस हो गई थी, कुछ काश्तकार भूमिहीन भी हो गये। साथ ही तिलाड़ी शहीद स्मारक भी इस स्थान पर निर्मित हैं, जो कि हमारे तिलाड़ी कांड में शहीद आन्दोलनकारियों की स्मृति में बनाया गया है, उसे भी रिवर टर्निंग व खनन से क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हैं।
इस शहीद स्मारक की सुरक्षा के लिए नगर पालिका एवं सिंचाई विभाग द्वारा समय-समय पर करोड़ों रुपये खर्च कर सुरक्षात्मक कार्य किये गये हैं, जिससे वर्तमान समय तक शहीद स्मारक को सुरक्षा मिल रही हैं। लेकिन रिवर टर्निंग और खनन से ये सभी सुरक्षात्मक कार्य भी क्षतिग्रस्त हो जाएंगे, जिससे उत्तराखण्ड की ऐतिहासिक धरोहर तिलाड़ी शहीद स्मारक भी क्षतिग्रस्त हो जायेगा। साथ ही बड़कोट गांव से बड़कोट शहर तक के सफर में वर्त्तमान समय में तिलाड़ी एक मात्र स्थान है जहां बड़कोट नगर वासियों की कृषि योग्य भूमि शेष हैं जिस पर अनेक काश्तकारों की आजीविका चल रही हैं। लिहाजा जनहित को देखते हुए तिलाड़ी के आसपास खनन नहीं किया जाना चाहिए, यहां नदी के बहाव को यथावत रखा जाय और यदि रिवर टर्निंग को शुरू किया जाता है तो समस्त बड़कोट नगर वासी आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन भेजने वालों ने नगर पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत, पूर्व पालिका अध्यक्ष अतोल सिंह रावत, सभासद परिता रावत, सभासद मधु टम्टा, विशन सिंह रावत, सरत सिंह, उपेंद्र सिंह, ममलेश, अजय सिंह, कुलदेव सिंह, रणवीर सिंह, शीशपाल सिंह आदि दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं।
