डुमैहर-कुणी मार्ग पर हादसा, कार खाई में गिरने से एक की मौत
अर्की । डुमैहर-कुणी मार्ग पर एक कार के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत डुमैहर के गांव जघाणा निवासी बृजलाल (48) विगत रात्रि शादी समारोह से अपनी गाड़ी में घर वापस आ रहा था। जघाणा के समीप डुमैहर-कुनी मार्ग पर गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में कार सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब आसपास के ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया व अर्की अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
