बैठक में पंचायत अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर नाराज
पौड़ी। ग्राम पंचायत जमणधार की बैठक में बढ़ते पलायन को रोकने, बेरोजगारी दूर करने के लिए कृषि, बागवानी पर जोर देने, बंजर हो रहे खेतों को आबाद करने, जंगली जानवरों व आवारा पशुओं से खेती-बाड़ी की सुरक्षा, पेयजल समस्या के समाधान आदि विषयों पर चर्चा की गई। ग्राम प्रधान दीपा पर्णवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वजल द्वारा 2017-18 में ग्राम सभा में शौचालय निर्माण के लिए परिवारों को देय 12 हजार धनराशि की दूसरी किश्त का 6 हजार रुपए भुगतान अभी तक नहीं होने पर नाराजगी जताई गई। ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश चौधरी ने कहा कि इस संबंध में जांच करवाई जाएगी व जिनका भुगतान नहीं हो पाया है उन्हें भुगतान किया जाएगा। जल जीवन मिशन के तहत छछड़िया रौला स्रोत से ग्राम जमणधार के लिए घर घर नल पेयजल योजना का कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की गई। बैठक में ग्राम विकास अधिकारी व मनरेगा रोजगार सेवक के बैठक में न पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बैठक में ग्राम पंचायत क्षेत्र में उपस्वास्थ्य केंद्र ( टीकाकरण सेंटर), अनुसूचित बस्ती में बारात घर, जड़ाऊखांद जमणधार मजेड़ाबैंड मोटरमार्ग पर चौड़ीकरण, डामरीकरण, जीआईसी कोचियार जाने वाले पैदल मार्ग पर देवलगढ़ नदी पर शीघ्र पुलिया निर्माण की मांग उठाई गई। बैठक में टीकाराम सकलानी, पृथ्वीपाल, नरेंद्र, सुनील नेगी, विनोद नेगी, नरेंद्र सिंह, जसवंत, धनीराम,आनंद लाल, उज्वल दास, दर्शनी नेगी, सरोजनी देवी, गुड्डी देवी, महेश्वरी देवी, भरोसी देवी, रेखा देवी आदि शामिल रहे।
