उत्कृष्ट सेवा के लिए आंगनबाड़ी संघ की अध्यक्षा संगीता चौधरी सम्मानित
काशीपुर। उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की शाखा अध्यक्षा संगीता चौधरी को उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। शनिवार को काशीपुर खंड विकास सभागार में हुए समारोह में ब्लाक प्रमुख अर्जुन सिंह कश्यप, परियोजना अधिकारी विमल बाराकोटी और संजय कुमार ने संयुक्त रूप से संगीता को ट्राफी देकर सम्मानित किया। संगीता ने बाल एवं महिला पोषण कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई है। संगठन के तौर पर भी वह समय-समय पर अपनी सहकर्मियों को शासन की योजनाएं पात्रों तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित करती रहती हैं। इसके अलावा जागरुकता कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती व धात्री महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में भी उनकी उल्लेखनीय भूमिका रहती है। उनकी इस उपलब्धि पर आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने हर्ष जताया है।
