जीआईसी मैदान में लगेंगी पटाखों की दुकानें
रुद्रपुर। दीपावली पर इस बार भी राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में पटाखे की दुकानें लगेंगी। बाजारों या घरों में पटाखे मिलने पर कानूनी कार्रवाई होगी। सजावट के सामान, दीये की दुकानें रामलीला मैदान में लगाई जाएंगी। सोमवार को एसडीएम तुषार सैनी ने अफसरों की बैठक ली। उन्होंने बाजार, गलियों, घरों में पटाखे रखने और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये। कहा कि पटाखे की दुकानों में सजावट का सामान नहीं बिकेगा। हर दुकान 10 बाई 10 फिट की होगी। दुकान में माचिस इत्यादि नहीं रखी जाएंगी। फायर ब्रिगेड का वाहन मैदान में रहेगा। नगर पालिका प्रशासन टैंकर की व्यवस्था करेगा। हर दुकान में रेत की बाल्टी रखना जरूरी है। उन्होंने सिसैया व उकरौली में भी पटाखों की दुकानें लगाने के लिए खुला स्थान चयनित के निर्देश दिए। शक्तिफार्म और नानकमत्ता में खुले स्थान पर पटाखा की दुकानें लगेंगी। नगर पंचायत को व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है। यहां तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी, कोतवाल भारत सिंह, एसएसआई विनोद फर्त्याल, अग्निशमन विभाग के लक्ष्मण सिंह नेगी, हेम पाण्डे, मुकेश डालाकोटी, शशिमोहन मौजूद रहे।
