वन पंचायत में अवैध भवन निर्माण के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

पिथौरागढ़। सरमोली वन पंचायत की भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कुछ लोग अवैध तरीके से वन पंचायत की भूमि पर अवैध भवन निर्माण कर रहे हैं। यहां के जंगल विभिन्न दुर्लभ वन्य जीवों का निवास स्थान है। ऐसे में यहां अवैध निर्माण कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिसे रोकने वाला कोई नहीं है। बुधवार को नानासेम, सरमोली,जैती सहित विभिन्न गांवों के ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर वन पंचायत की भूमि पर अवैध निर्माण रोकने की मांग पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा सरमोली वन पंचायत में बिना अनुमति के रास्ता व भवन निर्माण किया गया जा रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी चुप हैं। कहा यहां के जंगल दुर्लभ वन्य जीवों का गढ़ हैं। ऐसे में यहां अवैध निर्माण कर पशु-पक्षिओं के साथ ही जैव विविधता को नुकसान पहुंचाना है। इस मामले की जांच कर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। एसडीएम को ज्ञापन देकर एक सप्ताह के भीतर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर मल्ला जोहार विकास समिति के श्रीराम सिंह धर्मशक्तू, केदार सिंह, श्याम सुंदर पांगती, किशन सिंह, भुप्पी पांगती, लोक बहादुर सिंह, सोनू निखुर्पा, महेश रावत सहित कई लोग शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *