आक्रोशित ठेकेदारों का क्रमिक अनशन शुरू
नई टिहरी। प्रदेश सरकार की ओर से रॉयल्टी और जीएसटी की दरों में वृद्धि किये जाने से आक्रोशित ठेकेदारों ने घनसाली स्थित लोनिवि दफ्तर में धरना प्रदर्शन कर क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। बुधवार को घनसाली के ठेकेदार संघ ने लोक निर्माण विभाग घनसाली के घुमेटीधार कार्यालय में धरना-प्रदर्शन के साथ क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ठेकेदारों ने प्रदेश सरकार से जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही की मांग की। घनसाली ठेकेदार संघ के अध्यक्ष प्यार सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड का हर ठेकेदार सरकार की नई नीतियों से परेशान है, जिनका ठेकेदार विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों का समाधान नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां पहाड़ के बिल्कुल विपरीत है, पहाड़ों से निकलने वाले खनिज को वहीं फेंकना और सुदूर ऋषिकेश सहित अन्य शहरों से खनिज खरीदकर लाना कहा तक उचित है। सरकार की पॉलिसी सिर्फ अपने चहेते को फायदा पहुंचाने के सिवा और कुछ नहीं है। कहा पूर्व में भी ठेकेदार संघ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस संबंध में पत्र सौंपा चुका है, लेकिन सरकार अभी तक ठेकेदारों की मांगों पर विचार नहीं कर पाई है, जिसके कारण ठेकेदारों को आंदोलन के लिये मजबूर होना पड़ रहा है। धरना-प्रदर्शन करने वालों में भरत सिंह,सोबत सिंह,राजेन्द्र सिंह,धन सिंह रावत,नरेंद्र चौहान,मायाराम,सुरेश गिरी आदि मौजूद थे।
