जिला में दो साल बाद आज मिलेगा पहली से आठवीं तक के बच्चों को दोपहर का खाना

 

सोलन। जिले के सभी सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के बच्चों को दो साल बाद बुधवार से मिड-डे मील यानी दोपहर का खाना मिलना शुरू हो जाएगा। इसके लिए सभी स्कूलों को शिक्षा विभाग ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

स्कूलों में खाना बनाने से पहले पूरे परिसर और किचन को सैनिटाइज किया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि जो भी मिड डे मील कर्मी खाना बनाएंगे उन्हें पहले ही मेडिकल करवाने के आदेश दिए गए हैं। इसकी रिपोर्ट स्कूल में देने को कहा गया है। इसके साथ ही आज खाना बनाने से पहले मिड डे मील कर्मियों की काउंसलिंग भी करवाई जाएगी। कर्मियों को वैक्सीन की दोनों डोज भी अनिवार्य की गई है। खाना बनाते समय किसी भी प्रकार की अंगूठी या चूड़ियां भी नहीं पहन सकेंगे। खाना बनाने से पहले हाथों को अच्छी तरह से सैनिटाइज करना होगा। कोविड की वजह से पिछले दो सालों से छात्रों को दोपहर को पका हुआ खाना नहीं मिल रहा है।

सरकार ने स्कूलों में खाना परोसने पर रोक लगाई थी। पहले बीच में जब छोटे बच्चों के लिए स्कूल खोले गए थे, तो इस दौरान घर से बच्चों को लंच लाने को कहा गया था। इसके साथ ही मिड डे मील के तहत मिलने वाले राशन को सूखा घर तक पहुंचाया जा रहा था। पिछले दो सालों से अभिभावक स्कूलों से चावल, दाल, नमक और अन्य खाद्य वस्तुओं को हर माह लेकर जाते थे।

बजट नहीं पहुंचा

स्कूलों में हालांकि अभी तक मिड डे मील को लेकर बजट नहीं पहुंचा है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर ही बच्चों को मिड डे मील की व्यवस्था करेंगे। हालांकि डिप्टी डायरेक्टर ने सभी बीओ को बजट दे दिया था, मगर अभी तक वह आवंटित नहीं हो पाया है। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधक अपने स्तर पर बच्चों को आज से मिड डे मील की व्यवस्था करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *