पति की मौत के बाद पांच लोगों पर संपत्ति हड़पने का केस दर्ज
देहरादून। पति की मौत के बाद महिला ने उनके कारोबार से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि पति की कमाई के 2.46 करोड़ रुपये से ज्यादा आरोपियों ने हड़प लिए। प्रकरण को लेकर शिवानी अग्रवाल निवासी मालवीय रोड ने शहर कोतवाली में तहरीर दी। कहा कि उनके पति प्रिंटिंग और अन्य कारोबार करते थे। जिनकी बीते 25 अप्रैल को बुर्किना फासो, दक्षिण अफ्रिका में आकस्मिक मृत्यु हो गई। महिला का आरोप है कि वह कारोबार में साथी रहे मनोज भूटानी निवासी हाथीबड़कला, संजय गर्ग निवासी लक्ष्मण चौक, रिंकेश निवासी कांवली रोड, सतीश जुनेजा, जतिन मोहन के उत्पीड़न से परेशान थे। आरोप है कि इन्होंने 2.46 करोड़ रुपये अलग-अलग तरीकों से हड़प लिए। पति के लिखे दस्तावेज महिला ने पुलिस को दिए हैं। वहीं कारोबार की कई चीजों का हिसाब भी नहीं दिया। महिला का आरोप है कि उन्हें भी डराया धमकाया जा रहा है। शहर कोतवाल विद्याभूषण नेगी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
