निशुल्क दंत और नेत्र रोग शिविर का 300 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब अलकनंदा वैली उत्तराखंड की ओर से शनिवार को मास्टर माइंड पब्लिक स्कूल में निशुल्क दंत एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रो. एसपी काला की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का 275 से अधिक स्कूली बच्चों सहित 90 से ज्यादा आम जनमानस ने लाभ उठाया। शिविर में चंद्रांश डेंटल क्लीनिक श्रीनगर के डा. प्रशांत पंवार और डा. शिखा नयाल ने लोगों को दांतों से संबंधित बीमारियों एवं उनके रखरखाव की जानकारी दी। कहा कि बच्चों में दंत रोग की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। बचपन में ही दांत खराब हो जा रहे। उन्होंने बच्चों को जंकफूड, चाकलेट, अत्यधिक ठंडी व गर्म चीजों को न देने की सलाह दी। मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य मीना रावत ने रोटरी क्लब अलकनंदा वैली के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। रोटरी क्लब अलकनंदा वैली उत्तराखंड के संयुक्त सचिव एवं मीडिया प्रभारी नवल किशोर जोशी ने बताया कि क्लब द्वारा आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत लोगों को राष्ट्रीय ध्वज भी वितरित किए गये। इस मौके पर बेस हॉस्पिटल श्रीकोट के नेत्र विभाग के डा. आर मरंगर एवं डा. कप्तान सिंह ने भी लोगों को आंखों से संबंधित बीमारियों के बारे में बताया और आंखों की देखभाल के टिप्स दिए। शिविर में क्लब सचिव अर्जुन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनोज कंडवाल, सुधीर काला, प्रदीप मल्ल, डा. सुनील बिजल्वाण, वेदव्रत शर्मा, एसएल भद्री, नवल किशोर जोशी आदि मौजूद रहे।
