एसएसबी की मिनी मैराथन में उत्साह से दौड़े रानीखेत क्षेत्रवासी

अल्मोड़ा। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सशस्त्र सीमा बल सीमांत मुख्यालय रानीखेत की ओर से मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। पांच किमी मैराथन में स्कूली बच्चों, सेना व एसएसबी के अधिकारियों, जवानों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस दौरान देशभक्ति नारों के साथ हर घर तिरंगा लगाने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। शुक्रवार को मिनी मैराथन का सुबह रानीखेत स्थित सेना के सोमनाथ मैदान से क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने बतौर मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। सीमांत मुख्यालय के महानिरीक्षक चान्स केशिंग ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को देश भर वृहद रूप से मनाने के उद्देश्य से भारत सरकार की तरफ से हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सीमांत मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पांच किमी की दौड़ रानीखेत मुख्य बाजार, केएमओयू स्टेशन, चांदमारी होते हुए एसएसबी के सीमांत मुख्यालय गनियाद्योली पहुंचकर संपन्न हुई। मैराथन में रानीखेत और ताड़ीखेत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के कुल 173 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साह से प्रतिभाग किया। जबकि एसएसबी की छह बटालियनों के 150 जवानों व उनके परिवारों, थल सेना के जवानों, विभिन्न संगठनों के सदस्यों और नागरिकों ने भी मिनी मैराथन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य हर तिरंगा अभियान के प्रति समाज के सभी वर्गों में चेतना लाना है। यहां थल सेना के कर्नल मेघा माथुर, छात्र संघ अध्यक्ष मनीष भैसोड़ा, एसएसबी के उप महानिरीक्षक परमजीत सिंह सलारिया, राजेश ठाकुर, डॉ. एसएन सिंह, डॉ. त्रिलोक चंद्र, राम कुमार प्रसाद, एचसीएस बिष्ट, हितेंद्र सिंह पटियाल, कोमल चंद्र जोशी, अमित कुमार, दीपक कुमार रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *