पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर करें प्रयास: डॉ गीता खन्ना
देहरादून। पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। इसी के साथ अपने घर और स्कूल को स्वच्छ रखने के लिए हमें स्वयं कार्य करना होगा। यह बात शनिवार को उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क) की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज मालदेवता देहरादून में हरेला पर्व के समापन के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि बाल आयोग की अध्यक्ष डॉ गीता खन्ना ने कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यूसर्क की निदेशक प्रो अनीता रावत ने हरेला पर्व के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण की प्राचीन परंपराओं से भी छात्र छात्राओं को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि यूसर्क द्वारा राज्य के सभी जिलों में कुल 65 स्मार्ट इको क्लब स्थापित किए गए हैं। इस वर्ष इनकी संख्या बढ़ाकर 120 की जानी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ज्योति सिंह कठैत ने यूसर्क के कार्यक्रमों की सराहना की। इस दौरान छात्रों के लिए एक पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें कक्षा 11 की छात्रा तनुजा पुंडीर ने पहला, अपेक्षा ने दूसरा, कक्षा आठ के छात्र अंशुल पंवार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। दो छात्रों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। इस अवसर पर डॉ मंजू सुंद्रियाल, डॉ ओम प्रकाश नौटियाल, डॉ भावतोष शर्मा, डॉ राजेंद्र सिंह राणा, उमेश जोशी, अनिल फरस्वाण, ललित प्रसाद उप्रेती, अनीता रावत, भास्कर कुमार मिश्रा, बीबी रयाल आदि मौजूद थे।
