पुलिस जवान पर लगाया मारपीट का आरोप

पौड़ी। शहर के छतरीधार में होटल व्यापारी एवं यूकेडी कार्यकर्ता ने पुलिस के एक जवान पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। होटल संचालक ने डीएम व कोतवाली में शिकायती पत्र देकर पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, व्यापार संघ व यूकेडी कार्यकर्ताओं ने भी संबंधित पुलिस जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छतरीधार में होटल का संचालन करने वाले पदम सिंह ने बताया कि बीते गुरुवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वह होटल बंद कर रहा था। इसी दौरान एक पुलिस जवान उसके पास आकर गुटका मांगने लगा। होटल व्यापारी ने दुकान में गुटका नहीं होने की बात पुलिस जवान को बताई। पदम ने आरोप लगाया कि पुलिस जवान ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। होटल व्यापारी ने बताया कि उसके तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कहा कि पुलिस जवान द्वारा उसके सिर पर पत्थर से हमला करने पर उसके सिर में चार टांके लगे है। शुक्रवार को होटल व्यापारी ने यूकेडी कार्यकर्ताओं के साथ डीएम को शिकायती पत्र देकर पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं, व्यापार सभा के अध्यक्ष हेमेंद्र नेगी, सचिव देवेंद्र सिंह रावत आदि ने कोतवाली में पुलिस कर्मी के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। यूकेडी के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह गुंसाई ने कहा कि यह घटना निंदनीय है। पुलिस जवान के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। जबकि जिलाधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कोतवाली प्रभारी हेमकांत सेमवाल ने बताया कि होटल व्यापारी ने शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *