सामाजिक सद्भाव, सौहार्द्र के लिए इंसानियत मंच का गठन
देहरादून। राज्य में कभी भी किसी भी स्थिति में सामाजिक सद्भाव, सौहार्द्र व शांति का वातावरण न बिगड़े, इसके लिये नवगठित शांति दल के स्वयंसेवी सदस्यों ने रविवार को शहीद स्मारक में बैठक कर इंसानियत मंच के नाम से जन मंच का गठन किया। आयोजक शांति मंच की संयोजक कमला पंत ने बताया कि इस मंच के लिए हर माध्यम से हरेक वर्ग, तबके समुदाय, संप्रदाय के अमन पसंद लोगों को सुसंगठित कर कार्य किया जाएगा। सर्वसम्मति से तय किया गया कि समाज में एकता सद्भाव, शांति का संदेश जन जन तक पहुंचाने के लिए इंसानियत मंच हर जगह अलग-अलग क्षेत्रों में शांति दल गठित करेगा। इंसानियत मंच के जरिए शांति दल की सदस्यता के लिए नियम भी बनाया जाना तय किया गया। उन्होंने बताया कि उद्देश्य के प्रति स्वेच्छा से जो योगदान करने को तत्पर हों, वही शांति दल के सदस्य बन सकेंगे। इंसानियत मंच संविधान की मूल भावना, उसकी उद्देश्य को सरल भाषा में जन जन तक पहुंचाएगा। कहीं भी किसी भी प्रकार का सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की स्थिति में वह अपने स्तर से, ऐसी स्थिति को रोकने के प्रयास के साथ-साथ प्रशासन व पुलिस को भी सहयोग प्रदान करेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि इंसानियत मंच के विधिवत गठन की घोषणा जल्द ही एक वृहद सम्मेलन में की जाएगी। मंच के गठन व समन्वय के लिए एक समन्वय समिति बनाने पर सहमति जताई गई। बैठक में सरदार परमजीत सिंह, थॉमस सेन, कमला पंत, बीजू नेगी, निर्मला बिष्ट, पूरन बर्थवाल, उषा भट्ट, सलिल दास, शंकर गोपालन, राकेश अग्रवाल, त्रिलोचन भट्ट, सतीश धौलाखंडी, विजय नैथानी, एसएस पंवार, शांता नेगी, मातेश्वरी राजवार, कमलेश खंतवाल उपस्थित रहे I
