श्रीनगर में पेट्रोल की किल्लत से लोग परेशान
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में बुधवार को लोगों को पेट्रोल, डीजल की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों को पेट्रोल भरवाने के लिए 3 से 10 किलोमीटर श्रीकोट व मलेथा की दौड़ लगानी पड़ी। यहां पर भी लोगों को कई प्रकार की परेशानी झेलनी पड़ी। जबकि डीजल की कमी के चलते कम मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया गया।
चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव श्रीनगर में पेट्रोल न मिलने से स्थानीय लोगों सहित यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। श्रीनगर जीएमओ पेट्रोल पंप पर मंगलवार दिन से ही पेट्रोल, डीजल की किल्लत शुरू हो गई थी। जबकि बुधवार को पेट्रोल की आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से लोगों को श्रीकोट व मलेथा पेट्रोल भरवाने जाना पड़ा। इन पम्पों पर भी सीमित स्टॉक होने से आपूर्ति कराने में दिक्कतें हुई। डीजल का स्टॉक कम होने के कारण काम चलाने के डीज़ल उपलब्ध कराया गया। पंप संचालकों ने बताया कि नीचे से ही सप्लाई प्रभावित होने के कारण यह समस्या आ रही है।
