डांगचौरा-मुंडोली मोटर मार्ग की खस्ताहाल स्थिति से लोग परेशान
श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्मित डांगचौरा-मुंडोली-गौंली मोटर मार्ग की स्थिति दयनीय बनी हुई है। मोटर मार्ग की डामर उखड़ने से हुई खस्ताहाल स्थिति से लोग परेशान हैं। करीब 10 किमी. लंबे इस मार्ग के ऊबड़-खाबड़ होने से मार्ग पर आवागमन में लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। लोगों का कहना है कि मार्ग पर कई बार डामर बिछा दिया गया है, लेकिन गुणवत्तापूर्ण कार्य न होने से बार-बार डामर उखड़ जा रही है। डांगचौरा-मुंडोली मार्ग से मुंडोली, कड़ाकोटी, सेमली, सिरोला, जोगीमड़ी, गुरुछोली, गौंली, पाटाखाल गांवों के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। लेकिन मार्ग के रखरखाव पर ध्यान न दिए जाने से लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पूरे मार्ग पर डामर उखड़ने से वाहनों में सफर करने में दिक्कतें हो रही हैं। खासकर दुपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की ओर से मार्ग के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जाता है। डामरीकरण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान न रखे जाने से सरकारी पैंसे का दुरूपयोग हो रहा है। उन्होंने मार्ग पर जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण कराए जाने की मांग की है। पीएमजीएसवाई कीर्तिनगर के ईई जेपी रतूड़ी का कहना है कि मार्ग पर पैचिंग का कार्य किया जाना है। जल्द ही पैचिंग कार्य कराया जाएगा।
