12बजे तक आपाधापी उसके बाद बाजारों में पसरा सन्नाटा

रुडकी

कोविड कर्फ्यू की नई गाइड लाइन के साथ ही दुकानों के खुलने का समय बदल गया। रुडक़ी के बाजारों में बारह बजे तक आपाधापी मची रही। उसके बाद बाजारों में सन्नाटे की स्थिति बनी रही। अब पुलिस भी अधिक सख्त हो गई है। बारह बजे बाद बेवजह घूमने वालों से पूछताछ हो रही है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए जिले में चार बजे तक ही जरूरी सामान की दुकान खुलने की अनुमति थी, लेकिन सोमवार से इस समय को घटा दिया गया। जब चार बजे तक की छुट थी तब भी दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम नहीं हो रही थी। सोमवार को समय घटाए जाने के बाद भीड़ का पहले से बाजार आने का अनुमान लगाया जा रहा था। दोपहर बारह बजे तक अनाज मंडी, मेन बाजार में भारी भीड़ रही। बारह बजे बाद बाजारों में सन्नाटा पसर गया। इस बार पुलिस पिछले सप्ताह के मुकाबले ज्यादा सख्ती करती नजर आई। सीओ बीएस चौहान सहित सिविल लाइंस और गंगनहर कोतवाली पुलिस बारह बजे बाद खुली दुकानों को बंद कराने में जुटे रहे। पुलिस ने लोगों को बढ़ते संक्रमण का हवाला दिया साथ ही कोविड कर्फ्यू का पालन करने को कहा। बेवजह घूमने वालों पर भी पुलिस सख्ती बरती गई।
कोरोना कर्फ्यू के दौरान जाम में फंसी एंबुलेंस रुडक़ी शहर की सडक़ों पर वाहनों की भीड़ कोरोना कर्फ्यू का मजाक उड़ाती दिख रही है। सोमवार को मेन बाजार बंद होने के बावजूद वाहनों का दबाव इतना अधिक था कि बाजार में जाम तक लग गया। मेन बाजार में लगे इस जाम में एम्बुलेंस फंस गयी। कोरोना संक्रमण की चैन को तोडऩे के लिए सरकार ने कोरोना कर्फ्यू को 6 मई तक के लिए बढ़ा दिया है। लेकिन सरकार के कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे के प्रयास के बीच भीड़ बाजार में उमड़ रही है। सोमवार को मेन बाजार की बंद दुकान थी, लेकिन बाजार में वाहनों की आवाजाही इतनी अधिक थी कि बाजार में जाम की स्थिति पैदा हो गयी। इस जाम के कारण मेन बाजार से गुजरने वाली एंबुलेंस भी जाम में फंस गयी। लगातर हूटर बजाने के बाद भी एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिला। वहीं, नगर निगम मार्ग पर काफी संख्या में दोपहिया और चोपहिया वाहन दौड़ते दिखे। जबकि नगर निगम चौक पर तो जाम भी लगा देखा गया। वहीं नेहरु स्टेडियम के निकट सडक़ पर भी वाहनों का दबाव देखने को मिला। नगर निगम से मलकपुर चुंगी को जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की लम्बी कतार नहीं टूटी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *