पूर्व मंत्री पांडे व बेहड़ ने जताया भाजपा नेता के निधन पर शोक
रुद्रपुर। भाजपा मंडल महामंत्री की हत्या पर पूर्व मंत्री अरविंद पांडे और किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ ने परिजनों से मुलाकात की। पांडे ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं बेहड़ ने परिवार के हरसंभव सहयोग की बात कही। मंगलवार को गदरपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अरविंद पांडे शांतिपुरी नंबर तीन में भाजपा मंडल महामंत्री संदीप कार्की के घर पहुंचे। उन्होंने संदीप के परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि इस घड़ी में पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है। कहा कि हत्यारोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। वहीं, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ भी कार्की के परिजनों से मिले। उन्होंने घटना पर दु:ख जताते हुये कहा कि वह परिवार की पूरी मदद करेंगे। इस दौरान दोनों ही नेताओं ने खनन को लेकर हो रहे हत्याकांडों पर गहरा अफसोस जताया, साथ ही प्रदेश सरकार से खनन पर तत्काल रोक की मांग भी उठायी।
