पुलिस आरक्षी भर्ती के दूसरे दिन 154 अभ्यर्थी हुए पास
रुद्रपुर। उत्तराखंड पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन शारीरिक दक्षता के बाद 154 अभ्यर्थी ही भर्ती परीक्षा में सफल रहे। चिलचिलाती धूप के बाद भी अभ्यर्थियों ने दक्षता पास करने के लिए जान लगा दी। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए एसएसपी बार-बार भर्ती प्रांगण का मौका मुआयना करते रहे। सोमवार को पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन पुलिस लाइन प्रांगण में 400 आवेदन पत्र में से 249 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि 151 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सुबह सात बजे से प्रारंभ हुई प्रक्रिया में नापतौल में 26, बॉल थ्रो में 24, ऊंची कूद में 42 और दौड़ में तीन अभ्यर्थी असफल रहे, जबकि दौड़ में 157 अभ्यर्थियों ने तीन किलोमीटर दौड़ में हिस्सा लिया था। दूसरे दिन की भर्ती प्रक्रिया में 154 अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की। भर्ती प्रक्रिया के दौरान एसएसपी मंजूनाथ टीसी बार-बार प्रांगण का मौका-मुआयना करते रहे। अधीनस्थों को भर्ती में पूरी पारदर्शिता बरतने का आदेश भी दिया। एसएसपी ने बताया कि जिले भर के अभ्यर्थियों ने विभागीय आरक्षी पद के लिए अपना आवेदन किया है। भर्ती को पारदर्शी बनाने के लिए हर दक्षता की वीडियोग्राफी के अलावा प्रत्येक दक्षता स्थान पर एसपी और क्षेत्राधिकारियों की तैनाती की गई है।
