खननकर्ता से रंगदारी की मांग

रुद्रपुर। ग्राम दरऊ में तीन युवकों द्वारा मिट्टी खनन के एवज में एक लाख रुपये प्रतिमाह रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। उन्होंने रंगदारी नहीं देते पर मिट्टी निकालने वाले युवक को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा कायम कर दिया है।
अदीब पुत्र अकरम खान निवासी ग्राम दरऊ किच्छा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बीते रविवार सायं वह दरऊ बाजार से अपने घर आ रहा था। इस दौरान सड़क पर रिहान, शाहिद व पप्पू खान उसे रोककर गाली गलौज करने लगे। उन्होंने अदीब को धमकी देते हुए कहा कि उसका भाई उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट देकर आया है। वह अदीब के भाई को जिन्दा नहीं छोड़ेंगे। इसके पश्चात अदीब घर आ गया। आरोपी पीछे-पीछे अदीब के घर में घुस गये। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अदीब मिट्टी का कार्य करेगा तब अदीब को उन्हें एक लाख रुपये प्रति माह देना पड़ेगा। विरोध करने पर उन्होंने अदीब के साथ धक्का-मुक्की की व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गाली गलौज की। आरोपियों ने रुपये नहीं मिलने पर अदीब को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *