केंद्रीय विवि की प्रवेश परीक्षा को लेकर किया जाएगा जागरूक
पौड़ी। हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर में स्नातक कक्षाओं में अब प्रवेश परीक्षा के आधार पर ही दाखिले मिलेंगे। सभी यूजी कक्षाओं के लिए प्रवेश परीक्षा जुलाई के पहले और दूसरे सप्ताह में आयोजित हो सकी है। इस प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए विश्व विद्यालय ने विद्यालयी शिक्षा का भी सहयोग लिया है। सत्र 2022-23 के लिए होने वाली यूजी प्रवेश परीक्षा के लिए जिलों में व्यापक प्रचार प्रसार शुरू किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने जिलेवार जागरूकता टीम बनाई है। ताकि 12वीं पास कर चुके छात्र-छात्राओं को प्रवेश परीक्षा को लेकर पूरी जानकारी दी जा सके। इस संबंध में एडी माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल एमएस बिष्ट ने संबंधित मुख्य शिक्षाधिकारियों का पत्र लिखकर इस काम में आपेक्षित सहयोग करने को कहा है। एडी ने जारी पत्र में विश्वविद्यालय टीम के सदस्यों और प्रतिभाग करने वाले इंटर कॉलेजों की सूची भी दी है। अभी चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के लिए ये पत्र मय सूची जारी किए गए है। एडी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद समय से उन छात्र-छात्राओं तक प्रवेश परीक्षा की जानकारी देने का है जिन्हें यूजी में प्रवेश पाना है, ताकि संबंधित छात्र प्रवेश से वंचित न रहे। एडी ने कहा कि गढ़वाल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ जिन तिथियों पर जिस जिले में जहां रहे है उसी के अनुरूप संबंधित प्रधानाचार्य या उनके प्रतिनिधि भी प्रतिभाग करे। इधर, विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एमएस नेगी ने संपर्क करने पर बताया है कि गढ़वाल मंडल के सभी जिलों में प्रवेश परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए सदस्यों की टीम बनी है। हालांकि प्रवेश परीक्षा को लेकर तिथि अभी तय नहीं है लेकिन जुलाई के पहले से लेकर दूसरे सप्ताह तक यह प्रवेश परीक्षा हो सकती है।
