पेटीएम के आईपीओ से निराश होंगे निवेशक? लिस्टिंग से पहले जीएमपी ने बढ़ाई टेंशन

नई दिल्ली  ।

डिजिटल भुगतान और वित्तीय सेवा फर्म पेटीएम के इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) का अलॉटमेंट हो गया है। जिन्होंने भी पेटीएम के आईपीओ में दांव लगाया था, वो अपना अलॉटमेंट स्टेटस चेक कर सकते हैं। इससे ये जानकारी मिल जाएगी कि आपको पेटीएम का आईपीओ मिला या नहीं। अगर पेटीएम का आईपीओ अलॉट हो गया है तो ये खबर आपके लिए है।
दरअसल, ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी जीएमपी में पेटीएम के शेयर पर 30 रुपए तक की मामूली बढ़त का अनुमान है। अगर ये अनुमान हकीकत में बदल जाता है तो जिन निवेशकों को आईपीओ अलॉट हुआ है, उन्हें बहुत ज्यादा मुनाफा नहीं मिलेगा। शेयर बाजार में कंपनी का शेयर भाव 2,180 रुपए के आसपास लिस्टेड हो सकता है। हालांकि, एक्सपर्ट का कहना है कि ये शेयर लॉन्ग टर्म में निवेशकों को बड़ा फायदा दे सकता है।
जीएमपी शेयर की अनुमानित कीमत के बारे में बताता है। मान लीजिए कि किसी कंपनी के आईपीओ का इश्यू प्राइस 100 रुपए है और उस पर जीएमपी 50 रुपए दिखा रहा है। इसका मतलब ये हुआ कि जब कंपनी शेयर बाजार में लिस्टेड होगी तो उनकी कीमत अनुमानित कीमत 150 रुपए (100+50) हो जाएगी। अगर निगेटिव में 50 रुपए जीएमपी है तो शेयर बाजार में लिस्टेड होने पर कंपनी का शेयर भाव भी 50 रुपए (100-50) का होगा। निगेटिव की स्थिति में उन निवेशकों को नुकसान होता है जिन्हें आईपीओ अलॉट हुआ है।
पेटीएम के एक लॉट में 6 शेयर रखे गए थे। वहीं, इसका प्राइस बैंड 2,080 रुपए-2,150 रुपए प्रति शेयर था। अगर लॉट की कुल कीमत की बात करें तो 12,900 रुपए के करीब थी। तीन दिवसीय इश्यू 1 नवंबर को लॉन्च किया गया था, जो 3 नवंबर को समाप्त हुआ। कंपनी की 18 नवंबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *