अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल
विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। उमस भरी गर्मी के मौसम में बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। वहीं, सायं के समय हो रही बिजली की कटौती के चलते जलापूर्ति न होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गयी है। ऊर्जा निगम का कहना है कि बिजली की कमी के चलते रोस्टिंग की जा रही है। विकासनगर क्षेत्र में गरमी फिर चरम पर है। पारा 34 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। वहीं, उमस भरी गर्मी के मौसम में ऊर्जा निगम ने अघोषित बिजली कटौती शुरू कर दी है। तीन से चार घंटे की लगातार बिजली कटौती की जा रही है। सायं के समय बिजली कटौती होने से लोगों के सामने पानी की भी दिक्कतें सामने आ रही हैं। सोमवार को चार बजे बिजली कटौती होने के बाद सात बजे तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पायी है। सायं के समय पेयजल की आपूर्ति का समय होने के कारण बिजली के साथ साथ पानी की आपूर्ति बंद रही है। बिजली की आपूर्ति ठप रहने से लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। विकासनगर शहर से लेकर अड़तालीस से अधिक गांवों में बिजली की आपूर्ति तीन घंटे से अधिक समय तक ठप रही।उधर, सहसपुर क्षेत्र में भी नगरीय क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति ठप रही है। जिससे लोगों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। ऊर्जा निगम के एसडीओ मनोज कंडवाल का कहना है कि रोस्टिंग स्थानीय स्तर पर नहीं हो रही है। बताया कि बिजली की कमी चल रही है। डिमांड की अपेक्षा उत्पादन कम है। जिसके चलते बिजली की कटौती की जा रही है।
