शिक्षक और अभिभावक के बीच में समन्वय होना जरूरी
विकासनगर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में सोमवार को अभिभावक शिक्षक संघ की बैठक संपन्न हुई। कोविड संक्रमण के चलते दो साल बाद हुई बैठक में अभिभावकों को विद्यालय और छात्रों के प्रगति की जानकारी मुहैया कराई गई। बैठक की शुरुआत करते हुए उप प्राचार्य सुधा पैन्यूली ने कहा कि विद्यालय के विकास में अभिभावकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के शैक्षणिक स्तर से भी अवगत कराया। कहा कि छात्रों के संपूर्ण विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच आपसी समन्वय होना जरूरी है। प्राचार्य डा. जेसी बडोनी ने कहा कि अभिभावकों को विद्यालय के संपर्क में रहते हुए प्रत्येक गतिविधि में सकारात्मक सहयोग देना चाहिए। साथ ही गुणवत्ता संबंधी कमियों को भी विद्यालय प्रबंधन के सामने रखा जाना चाहिए। इससे अभिभावक अपने बच्चे के शैक्षणिक स्तर से परिचित रहते हैं और उन्हें परीक्षा की तैयारी कराने में सहूलियत होती है। प्राचार्य ने कहा कि बच्चे के संपूर्ण विकास में परिवार, विद्यालय और समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। परिवार और समाज का दायित्व है कि छात्रों को ऐसे संस्कार दें, जिससे छात्र अनुशासित रहकर विद्यालय की शिक्षा को ग्रहण कर सके। इस दौरान प्यारेलाल सेमवाल, सचिन चमोली, अतुल काला, दीवान सिंह तोमर, सुमित्रा देवी, कल्याण सिंह आदि मौजूद रहे।
