आबादी क्षेत्र में हाथी के दिखने से मचा हड़कंप

 

डोईवाला। बड़कोट वन रेंज क्षेत्र में गुरुवार को एक हाथी के माजरी ग्रांट आबादी क्षेत्र में घुसने से हड़कंप मचा रहा। हालांकि इस दौरान हाथी ने किसी पर हमला नहीं किया। किसानों के गेहूं के खेतों से होकर हाथी वापस जंगल की सीमा में चला गया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों व किसानों ने राहत की सांस ली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी इलाके में पहुंच गई थी।

बड़कोट रेंज के आसपास जंगल से सटे इलाकों में आए दिन जंगली जानवरों का आवागमन बना रहता है। गुरुवार को भी एक हाथी जंगल से भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंच गया। सड़क से यह एकल हाथी मकानों के बीच बनी रोड से होता हुआ किसानों के गेहूं के खेतों के बीच बनी तारबाड़ तोड़कर आबादी क्षेत्र से जंगल की ओर चला गया। हाथी को देखकर आसपास के ग्रामीणों ने शोरगुल भी मचाया। बड़कोट रेंज के डिप्टी रेंजर चंद्रशेखर भट्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही वन दरोगा महेंद्र चौहान, रमेश थपलियाल सहित वे भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि हाथी ने किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचाया । इलाके में वन विभाग की टीम जंगली जानवरों से आम जनता की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त करती रहती है। वन दरोगा महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जंगल से सटे इलाकों में ग्रामीणों को भी एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *