30 दिन के भीतर हर हाल में सड़कों का निर्माण पूरा करें: भगत
हल्द्वानी। कालाढूंगी के विधायक बंशीधर भगत ने अपने आवास पर लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, सिंचाई व ऊर्जा निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। लोनिवि के अधिकारियों से कहा कि कालाढूंगी विधान सभा क्षेत्र की लंबित सड़कों का निर्माण 30 दिन के भीतर हर हाल में पूरा कर लिया जाए। गुरुवार को हुई बैठक में विधायक ने निर्देश दिए कि चौफुला चौराहे से कठघरिया, कमलुवागंजा तक नहर कवरिंग और चौफुला चौराहे से ऊंचापुल-तीन मूर्ति मंदिर तक होने वाले नहर कवरिंग के कार्य के लिए सभी विभाग आपस में समन्वय बनकर कार्य करें। पानी की लाइन और बिजली के पोल शिफ्ट करने का काम शीघ्र पूरा किया जाए। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी से कहा कि वह इस योजना के लिए शेष धनराशि जल्द शासन से उपलब्ध करवा देंगे। जल संस्थान के अधिकारियों से कहा कि किसी भी क्षेत्र से पानी की किल्लत संबंधी शिकायत नहीं आनी चाहिए। सिंचाई विभाग के अधिकारी नहरों के रखरखाव पर ध्यान दें। बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि गर्मी के महीनों में आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। लो वोल्टेज, लाइन फॉल्ट को तत्काल दुरस्त करने के प्रयास किए जाएं। बैठक में जल संस्थान से संजय कुमार श्रीवास्तव, विद्युत निगम से दीन दयाल पांगती, सिंचाई विभाग से किशन सिंह बिष्ट समेत अवर अभियंता ललित तिवारी, नवीन चंद्र पांडे, एलएम पांडे, विद्याभूषण जोशी, कनिष्ठ अभियंता एसएस मर्तोलिया, सुभाष जोशी, विधायक प्रतिनिधि विकास भगत, भाजपा जिला महामंत्री कमल नयन जोशी, विनोद मेहरा मौजूद रहे।
