गंगा की सहायक रंभा नदी की सफाई करने की मांग उठाई

 

ऋषिकेश। सर्वहारानगर वासियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला है। उन्होंने गंगा की सहायक रंभा नदी में गंदे नाले को गिराने और सफाई नहीं करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने रंभा नदी की सफाई और इसमें गिर रहे नाले को बंद करने की मांग की। शुक्रवार को सर्वहारानगर वासियों ने नगर निगम पहुंचकर कार्यवाहक सहायक नगर आयुक्त आनंद सिंह मिश्रवाण को ज्ञापन सौंपा। पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष रामकृपाल गौतम ने कहा कि सर्वहारा नगर में रंभा नदी गुजरती है। जिसे नगर निगम प्रशासन ने गंदे नाले में तब्दील कर दिया है। जिससे इस रंभा नदी का पानी दूषित हो रहा है। कहा कि इस रंभा नदी का वर्णन शिवपुराण और केदारखंड में भी है। बावजूद इसके नगर निगम प्रशासन ने गंगानगर से काले की ढाल होते हुए हरिद्वार मार्ग पर बहने वाले नाले को इस रंभा नदी में गिरा दिया है। जबकि यह नदी आगे जाकर गंगा में मिल जाती है। उन्होंने रंभा नदी की सफाई करवाने, नदी में गिरने वाले नाले को बंद करने, आसपास के क्षेत्र में रोजाना सफाई करवाने आदि की मांग की। ज्ञापन देने वालों में ज्ञानेश्वर शर्मा, सत्यवीर पाल, बलवंत यादव, विजय शंकर, रामचरण, राजू गुप्ता, ओमप्रकाश शर्मा, सोनू गुप्ता, अनूप गुप्ता, आदेश कुमार शर्मा, पन्नालाल यादव, गणेश, श्रवण गुप्ता, गोविंद गुप्ता, रामनाथ गुप्ता आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *