राउप्रा विद्यालय मुस्याखांद के शिक्षक गबर सिंह को मिलेगा शैलेश मटियानी पुरस्कार

पौड़ी। जिले के दूरस्थ नैनीडांडा ब्लाक के राजकीय उच्चप्राथमिक विद्यालय मुस्याखांद में पिछले 17 सालों से सेवाएं दे रहे सहायक अध्यापक गबर सिंह बिष्ट का शैलेश मटियानी पुरस्कार 2021 के लिए चयन हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में समय-समय पर नए प्रयोग करने वाले शिक्षक गबर सिंह बिष्ट साल 2019 में गवर्नर अवार्ड से भी सम्मानित हो चुके है। शिक्षक गबर सिंह बिष्ट का कहना है कि बच्चों की प्रतिभा आगे आ सके यही उनका प्रयास है। बीते शुक्रवार को शासन ने शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2021 की घोषणा की। जिसमें जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मुस्याखांद में तैनात सहायक अध्यापक गबर सिंह बिष्ट का चयन हुआ है। गबर सिंह बिष्ट ने शिक्षा में नए प्रयोग करने का काम किया। शिक्षक के नए प्रयोंगों से पिछले सात सालों से स्कूल के दस बच्चे भारत सरकार की ओर से जारी इंस्पायर अवार्ड से सम्मानित हो चुके है। साथ ही राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा में भी हर साल स्कूल के बच्चों का चयन हो रहा है। कोविड काल के दौरान बच्चों को पठने में कोई परेशानी ना हो इसके लिए गबर सिंह बिष्ट ने अपना यू-टयूब चैनल भी शुरू किया। शिक्षक गबर सिंह बिष्ट द्वारा गणित, विज्ञान विषय के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए कॉमन क्लास भी की जाती है। जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी जाती है। शिक्षक गबर सिंह बिष्ट का कहना है कि उनका प्रयास होता है कि बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का काम किया जाए। बताया कि उनके प्रयासों से स्कूल के बच्चे जिले व राज्य स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा चुके है। बताया कि कोरोना काल में बच्चों को गणिव व विज्ञान विषय पढ़ाने के लिए अपना यू-टयूब चैनल भी बनाया। बताया कि उन्होंने दूरदर्शन के देहरादून केंद्र से ज्ञानद्वीप कार्यक्रम के तहत कक्षा 7 व 8 के बच्चों को विज्ञान व गणित पढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *